Neeraj Nirbhik
मिर्जापुर: जिले के मड़िहान थाना क्षेत्र के मड़िहान बाजार में मंगलवार तड़के एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। यहां एक सौतेले बेटे ने अपनी मां और सौतेले भाई की धारदार हथियार से निर्मम हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी दोनों शवों को ट्रैक्टर पर लादकर ठिकाने लगाने की कोशिश कर रहा था, लेकिन राहगीरों की सतर्कता से पूरी घटना का पर्दाफाश हो गया।स्थानीय बाजार निवासी बिल्डिंग मैटेरियल व्यवसायी आयुष गुप्ता (32) और उनकी मां उषा गुप्ता (62) की हत्या उनके ही सौतेले बेटे राहुल गुप्ता उर्फ मुन्नू ने की। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने दोनों शवों को ट्रैक्टर-ट्रॉली पर रखा और उन्हें छिपाने के इरादे से निकल पड़ा। इसी दौरान मड़िहान तिराहे के पास आयुष गुप्ता का शव ट्रैक्टर से गिर गया। इसके बाद आरोपी ने उषा गुप्ता के शव को पटेवर मड़िहान ब्रांच नहर में फेंक दिया।
बताया जा रहा है कि शवों को ठिकाने लगाने के बाद आरोपी जब वापस लौटा और तिराहे पर गिरे अपने सौतेले भाई के शव को चादर से ढकने का प्रयास कर रहा था, तभी वहां मौजूद दो राहगीरों की नजर उस पर पड़ गई। शक होने पर लोगों ने शोर मचाया, जिससे घबराकर आरोपी मौके से भागकर अपने घर की ओर चला गया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी राहुल गुप्ता को ट्रैक्टर-ट्रॉली और हत्या में प्रयुक्त धारदार हथियार के साथ हिरासत में ले लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने उषा गुप्ता के शव को नहर में फेंकने की बात कबूल की।
इसके बाद पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से नहर में सर्च ऑपरेशन चलाया गया। करीब ढाई घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आरोपी की निशानदेही पर पटेवर गांव से लगभग साढ़े तीन किलोमीटर दूर हसरा गांव के सामने नहर में उषा गुप्ता का शव बरामद किया गया।
इस दोहरे हत्याकांड से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और लोग स्तब्ध हैं।
क्या बोले अधिकारी
एडिशनल एसपी मनीष कुमार मिश्रा ने बताया कि सौतेली मां और भाई की हत्या करने वाले आरोपी राहुल गुप्ता को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसकी निशानदेही पर उषा गुप्ता का शव भी बरामद कर लिया गया है। दोनों शवों का पंचनामा भरकर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।
!doctype>



0 Comments